➤ रेलवे विस्तार में राज्य सहयोग न होने का आरोप, 2911 करोड़ बजट पर केंद्र का आभार
➤ पंचायत चुनाव मतदाता सूची में देरी पर मुख्यमंत्री से सीधे सवाल
➤ अमेरिका टैरिफ कटौती को पीएम की कूटनीतिक सफलता बताया, HRTC हादसे पर शोक
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में हिमाचल में रेलवे विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए 2911 करोड़ रुपये के प्रावधान पर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह राशि पिछले वर्ष से लगभग 200 करोड़ अधिक है और यूपीए काल की तुलना में 27 गुना ज्यादा बजट है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र के सहयोग के बावजूद राज्य सरकार अपने हिस्से के कार्यों में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही, जिससे रेल परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं और लागत बढ़ रही है।
पंचायत चुनाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि निकलने के बाद भी 12 में से 10 जिलों में मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हो पाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि उच्च न्यायालय के आदेश और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बावजूद चुनाव प्रक्रिया में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि यह देरी उनकी जानकारी में हो रही है या अधिकारियों के स्तर पर।
जयराम ठाकुर ने अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ कम किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री की कूटनीतिक सफलता बताया। उनके अनुसार, इससे ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों, लघु उद्योगों, स्टार्टअप्स व युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
उत्तराखंड के कवानू क्षेत्र में HRTC बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और उत्तराखंड व हिमाचल सरकार से घायलों को बेहतर उपचार व हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया।



