Follow Us:

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 का कभी समर्थन नहीं कियाः जयराम ठाकुर

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयन्ती के अवसर पर शिमला के समीप गल्लु में ‘भाजपा संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2019’ के शुभारंभ के अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के सदस्यता अभियान को बड़े पैमाने पर सफल बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस अभियान की गति को कायम रखते हुए प्रदेश में अधिक से अधिक सदस्य बनाने की आवश्यकता है। भाजपा ने इस वर्ष 11 अगस्त पांच लाख भाजपा सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना 21 अक्तूबर, 1951 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सहयोग से दिल्ली में भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रवादी विकल्प के रूप में की थी। मुखर्जी भारत के एक विलक्षण नैतिकतावादी और सच्चे राजनेता थे, जिन्होंने जवाहर लाल नेहरू के मंत्रिमण्डल में उद्योग और आपूर्ति मंत्री के तौर पर काम किया। लेकिन वे नेहरू के साम्राज्यवादी सोच के विपरीत एक राष्ट्रवादी नेता थे, जो भारत को साम्राज्यवादी सोच से मुक्ति दिलाकर एक सशक्त राष्ट्र देखना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 का कभी समर्थन नहीं किया और उनका मानना था कि यह भारत की एकता एवं अखण्डता के लिए खतरा है। डॉ. श्यामा प्रसाद जो अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के अध्यक्ष थे, जिसने कश्मीर में पाकिस्तानी कट्टरवाद के प्रभाव के विरूद्ध लड़ाई लड़ी।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के नए सदस्यों को सदस्यता फार्म भी प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर डिजिटल सदस्यता मुहिम का भी शुभारंभ किया और फन वल्ड परिसर में चिनार का एक पौधा भी रोपा। संगठन सचिव पवन राणा ने कहा कि शुरू हुआ यह अभियान इस साल11 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य कसुम्पटी मण्डल से कम से कम 10 हजार सदस्य बनाने का है। भाजपा नेता चेतन बरागटा ने इस अवसर पर भाजपा सदस्य के रूप में ऑनलाईन पंजीकरण के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी।