Follow Us:

जेएनवी ठियोग के छात्रों की बड़ी उपलब्धि, राष्ट्रीय युवा संसद में देशभर में चौथा स्थान

➤ क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम और राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान
➤ नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया सम्मानित
➤ हिमाचल की प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम


पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) ठियोग, जिला शिमला के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है कि विद्यालय के 8 विद्यार्थियों ने 26वें राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम और राष्ट्रीय स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है।

इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विद्यार्थियों में एंजेल रानी, आरुशी रोल्टा, वंशिका ठाकुर, जैनी, एंजेल पांडेय, साशी रिन्ग्ज़ीं, गिरिक व्यास और ध्रुव शामिल हैं।

15 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के मावलांकर हॉल में आयोजित भव्य समारोह में इन छात्रों को भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संसदीय प्रक्रियाओं की समझ, लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और प्रभावी वक्तृत्व कौशल को मजबूत करना है।

जेएनवी ठियोग के विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही की गहन समझ, विषय पर मजबूत पकड़, आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति, अनुशासन और बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के प्राचार्य रोशन लाल ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, मार्गदर्शक शिक्षकों के निरंतर प्रयास और विद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक वातावरण को दिया।

उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय परिवार, शिक्षक, अभिभावक और समस्त नवोदय समुदाय ने छात्रों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह उपलब्धि न केवल जेएनवी ठियोग बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है, जिसने राष्ट्रीय मंच पर राज्य की प्रतिभा और क्षमता को मजबूती से प्रदर्शित किया है।