Follow Us:

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 5 अक्तूबर को पहुंचेंगे बिलासपुर, 6 अक्तूबर को एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

➤ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 5 अक्तूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे

➤ 6 अक्तूबर को एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

➤ दीक्षांत समारोह के मद्देनजर एम्स में ओपीडी सेवाएं रहेंगी बंद


केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 5 अक्तूबर को अपने गृह जिले बिलासपुर पहुंचेंगे। वह आगामी 6 अक्तूबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जारी टूर प्रोग्राम के मुताबिक जेपी नड्डा 5 अक्तूबर को दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे और वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा बिलासपुर के विजयपुर स्थित अपने आवास पर पहुँचकर रात्रि ठहराव करेंगे।

प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी स्वदेश ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री 5 अक्तूबर को शाम 4:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होंगे और शाम 6:00 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से होते हुए रात करीब 9:00 बजे विजयपुर पहुंचेंगे। अगले दिन यानी 6 अक्तूबर को सुबह 9:40 बजे वह विजयपुर से एम्स बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और सुबह 10:25 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे। इसके पश्चात सुबह 10:35 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होने वाले एम्स बिलासपुर के इस ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे।

दूसरी ओर, एम्स बिलासपुर में होने वाले इस बड़े आयोजन को देखते हुए आम जनता और मरीजों की सुरक्षा व सुविधा के लिए एक अहम निर्णय लिया गया है। दीक्षांत समारोह के दिन यानी 6 अक्तूबर को एम्स में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दिन ओपीडी में न तो मरीजों का नया पंजीकरण होगा और न ही चिकित्सीय परामर्श मिल सकेगा। एम्स प्रशासन ने मरीजों से आग्रह किया है कि वे इस दिन अस्पताल आने से बचें और किसी अन्य दिन अपनी जांच करवाएं। हालांकि, राहत की बात यह है कि ओपीडी बंद रहने के बावजूद एम्स की आपातकालीन सेवाएं (इमरजेंसी) सामान्य दिनों की तरह सुचारू रूप से चलती रहेंगी।