Follow Us:

ज्वालाजी से लौटते श्रद्धालुओं का ट्रक पलटा,मची चीखो-पुकार, दस घायल

➤ ज्वालाजी से लौट रहे श्रद्धालुओं का ट्रक धवाला के पास पलटा, 10 घायल
➤ दो श्रद्धालुओं की हालत गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
➤ तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने लगाया ब्रेक, बिगड़ा संतुलन


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नवरात्र के दौरान  गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे श्रद्धालुओं से भरा ट्रक गांव धवाला के पास एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब के जिला मुक्तसर के मलोट गांव के निवासी हैं। ये सभी भक्त करीब एक सप्ताह पहले ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवा के लिए पहुंचे थे और नवमी के दिन सेवा समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। ट्रक में कुल 25 से 30 लोग सवार थे, जो श्रद्धा भाव से सेवा कार्य पूरा कर वापस जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब धवाला के एक खतरनाक मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार वाहन आ गया। इससे बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों, पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एक घायल श्रद्धालु अश्वनी कुमार ने बताया कि वे सभी श्रद्धा भाव से लंगर सेवा कर लौट रहे थे, लेकिन अचानक ब्रेक लगने से यह हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं पूर्व मंत्री रमेश धवाला भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सरकार और प्रशासन को सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने होंगे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।