➤ भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ डीजीपी से शिकायत, सोनिया गांधी की किताब पर पोस्ट को बताया भड़काऊ
➤ शिमला के कैप्टन अतुल शर्मा ने बीएनएस की धारा 196, 197, 353 और 173 में केस दर्ज करने की मांग की
➤ पोस्ट की साइबर फोरेंसिक जांच की मांग, फिलहाल केस दर्ज नहीं
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शिमला के कैप्टन अतुल शर्मा ने की है। पूरा मामला कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ को लेकर सोशल मीडिया पर कंगना द्वारा लिखी गई पोस्ट से जुड़ा है। फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कैप्टन अतुल शर्मा ने आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि कंगना रनौत ने सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावों पर भड़काऊ बयान दिए हैं। शिकायतकर्ता ने कंगना की पोस्ट की साइबर फोरेंसिक जांच कराने की मांग भी की है। उनका आरोप है कि कंगना ने राजीव गांधी और संजय गांधी को लेकर भ्रामक पोस्ट डाली है।
शिकायत में कहा गया है कि संविधान में अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन बिना पुष्टि के भड़काऊ दावे करने की किसी को छूट नहीं है। कैप्टन अतुल शर्मा ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 197, 353 और 173 के तहत केस दर्ज करने की मांग की है। यह शिकायत ई-मेल के जरिये डीजीपी को भेजी गई है।
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि एक रहस्यमयी महिला गांधी परिवार में एंट्री लेती है और फिर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की मौत हो जाती है। अपनी पोस्ट में कंगना ने यह भी लिखा कि मेनका गांधी हमेशा कहती थीं कि वह और इंदिरा गांधी किसी तीसरे व्यक्ति की वजह से जो कुछ हुआ, उसे झेल रही थीं।
अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि डीजीपी कार्यालय इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और क्या कंगना की पोस्ट पर कोई केस दर्ज होता है। मामले को लेकर प्रदेश की सियासत में भी चर्चाएं तेज हैं।
गौरतलब है कि किसी भी शिकायत पर पुलिस पहले उसकी प्रारंभिक जांच करती है और संज्ञेय अपराध का मामला बनने पर ही एफआईआर दर्ज की जाती है। सोशल मीडिया पर किसी भी संवेदनशील विषय पर पोस्ट करते समय तथ्यों की पुष्टि जरूर कर लें, क्योंकि बिना पुष्टि की गई सामग्री साझा करने से कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसी तरह किसी पोस्ट को आगे फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता जांच लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

जानें क्या लिखा कंगना ने
“हर कोई NVIDIA हनी ट्रैप विवाद के बारे में बात कर रहा है, ‘इमरजेंसी’ के लिए मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर बहुत शोध किया और मुझे यह स्वीकार करना होगा कि एक बात जो मेरी समझ में कभी नहीं आ सकी, वह यह है कि एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक गांधी परिवार में प्रवेश करती है और इंदिरा गांधी की हत्या हो जाती है, संजय गांधी, राजीव गांधी—सिंहासन के सभी संभावित उत्तराधिकारी मारे जाते हैं, जिससे सिंहासन के लिए सहानुभूति के आधार पर केवल एक ही विकल्प बचता है, वह एक विदेशी नागरिक जिसे सोनिया गांधी कहा जाता है और लोगों ने यह भी नहीं सोचा कि वहाँ बहुत अधिक संयोग थे। साथ ही उस विदेशी ने कुख्यात और खुले तौर पर विदेशी एजेंडे का प्रचार किया, आतंकवादियों के लिए घड़ियाली आँसू बहाए, फिर भी वह दशकों तक सरकार का नेतृत्व करने में सफल रही, जब तक कि निश्चित रूप से 2014 नहीं हुआ।”



