Follow Us:

कांगड़ा में बस-कार में भिड़ंत, दो महिलाओं की मौ*त, दो बच्चों समेत चार गंभीर घायल

कांगड़ा के देहरा में HRTC बस और कार की भीषण टक्कर
दो महिलाओं की मौके पर मौत, दो बच्चों सहित चार गंभीर घायल
घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर, क्षेत्र में शोक की लहर


कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर चामुखा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। HRTC बस और एक ऑल्टो कार के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे के बाद टूटी पड़ी कार और बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़ पड़े। कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चामुखा निवासी शशि बाला (35) पत्नी राकेश कुमार और सोमा देवी (60) पत्नी भूरी सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं राकेश कुमार (37), उनके दो बच्चे रुद्रांश (11) और उर्वशी (6) तथा विजय कुमार (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नादौन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बचाव कार्य अपने हाथ में ले लिया। कार में फंसे घायलों की चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े और एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। एक स्थानीय व्यक्ति ने अपनी कार से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते इलाज संभव हो सका। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या लापरवाही प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से चामुखा क्षेत्र में चिन्हित ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त करने और यातायात सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।