Follow Us:

विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली का एक और सपना हुआ साकार, कांगड़ा के फल सब्जी विक्रेता परिवारों से किया वायदा आज हुआ पूरा

26 फल एवं सब्जी विक्रेता परिवारों को मिलीं स्थायी दुकानें
आर.एस. बाली ने नगर परिषद कांगड़ा को 50 लाख रुपये देने की घोषणा की
शेष पात्र परिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से स्थायी दुकानें देने का ऐलान


कांगड़ा के तहसील चौक में सोमवार को वर्षों से अपनी आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे 26 फल एवं सब्जी विक्रेता परिवारों का इंतजार समाप्त हो गया। पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने नवनिर्मित 26 स्थायी दुकानों का लोकार्पण कर इन्हें संबंधित परिवारों को समर्पित किया। इस अवसर को मेहनतकश परिवारों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

आर.एस. बाली ने कहा कि यह स्वर्गीय जी.एस. बाली का एक महत्वपूर्ण सपना था, जिसे आज पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली हमेशा चाहते थे कि रेहड़ी-फड़ी, फल और सब्जी विक्रेता परिवारों को सम्मानजनक और स्थायी आजीविका मिले। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए आज 26 परिवारों को स्थायी दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं।

आर.एस. बाली ने कहा कि इन दुकानों की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी और उन्होंने इन परिवारों से जो वादा किया था, उसे आज पूरा करने पर उन्हें संतोष है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने घोषणा की कि कांगड़ा के सभी शेष पात्र फल एवं सब्जी विक्रेता परिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से स्थायी दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी भी मेहनतकश परिवार को अस्थायी व्यवस्था में अपना रोजगार न चलाना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान आर.एस. बाली ने नगर परिषद कांगड़ा को आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील चौक के समग्र विकास के लिए प्रस्तावित मल्टीपरिसर भवन की विस्तृत रूपरेखा जल्द तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि हरिराम पार्क के विकास के लिए 3.20 करोड़ रुपये पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। आने वाले समय में भी कांगड़ा क्षेत्र में जनहित से जुड़े कई विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

आर.एस. बाली ने इस परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने वाले एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू, ईशांत जसवाल, संजय राणा सहित संबंधित अधिकारियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व सीपीएस एवं पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू, ईशांत जसवाल, डीएसपी मनोज कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा, राहुल धीमान, राजकुमारी, आर.एस. वर्मा, प्रकाश चंद, रवि भूषण, संजय राणा, फल एवं सब्जी विक्रेता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।