➤ देहरा-ज्वालामुखी रोड पर महिला 7 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ी गई
➤ नशेड़ी बेटे के लिए पंजाब के जालंधर से हेरोइन खरीदकर ला रही थी
➤ एक अन्य छापेमारी में मां-बेटे से 9.42 ग्राम चिट्टा व 60 हजार रुपये बरामद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच देहरा पुलिस की कार्रवाई ने एक झकझोर देने वाली सच्चाई सामने ला दी है। नशे की लत अब केवल युवाओं को नहीं, बल्कि पूरे परिवारों को अपराध की ओर धकेल रही है। शनिवार को देहरा-ज्वालामुखी रोड पर तलाई में पुलिस ने एक महिला को 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, यह चिट्टा महिला ने पंजाब के जालंधर से अपने बेटे की लत पूरी कराने के लिए खरीदा था। पूछताछ में उसके बयान ने पुलिस को भी चौंका दिया। महिला ने स्वीकार किया कि उसका बेटा लंबे समय से हेरोइन का आदी है, और उसकी तड़प देखकर वह मजबूरी में खुद नशे की सप्लाई लेने चली गई।
करीब 10 हजार रुपये में खरीदा गया यह चिट्टा महिला अपने बेटे तक पहुंचाने वाली थी। देहरा पुलिस की नियमित नाकाबंदी के दौरान संदेह होने पर महिला की तलाशी ली गई और उससे चिट्टा बरामद हुआ। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसी बीच, पुलिस ने उटलैहड़िया गांव में भी छापेमारी की, जहां से 9.42 ग्राम चिट्टा और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में वीरो देवी और उसका बेटा नामवीर उर्फ बबलू गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं। न्यायालय ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।



