Follow Us:

कांगड़ा में हेरोइन तस्कर की 1.06 करोड़ की संपत्ति जब्त, जानें पूरा मामला

कांगड़ा पुलिस ने हेरोइन तस्कर की 1.06 करोड़ की संपत्ति जब्त की
पवन कुमार पर 5 NDPS केस, 2024 में हेरोइन के साथ पकड़ा गया था
दो मकान और लाखों के गहने NDPS एक्ट के तहत सीज

शिवांशु शुक्‍ला, धर्मशाला


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोपी पवन कुमार की 1.06 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। यह संपत्ति NDPS अधिनियम की धारा 68 (एफ) के अंतर्गत सीज की गई है। इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM और NDPSA दिल्ली से भी स्वीकृति प्राप्त हुई है।

पवन कुमार, देहरा तहसील के गांव अरला का निवासी है। पुलिस ने उसे 6 नवंबर 2024 को 26.10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ कांगड़ा थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच पवन कुमार पर 5 अलग-अलग NDPS केस दर्ज हो चुके हैं, जिनमें सभी में नशीले पदार्थ बरामद हुए थे। पुलिस की नजर उस पर लंबे समय से थी।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी के पास दो आलीशान मकान और 18.36 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने हैं। कुल मिलाकर 1.06 करोड़ की अवैध संपत्ति का पता चला जिसे सीज कर लिया गया है।

SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधियों की संपत्तियों की जांच और जब्ती का क्रम आगे भी चलेगा और नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

गौरतलब है कि कांगड़ा पुलिस पहले भी एक अन्य तस्कर की 1.25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर चुकी है, जो रक्कड़ क्षेत्र से संबंधित था।

इस तरह की कार्रवाइयाँ हिमाचल में फैल रहे चिट्टे के कारोबार पर सीधा वार हैं। पुलिस ने शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भी इसी तरह के ऑपरेशन चलाए हैं, जिससे नशा तस्करों को सीधा संदेश मिल रहा है कि वे कानून की पकड़ से नहीं बच सकते।