Follow Us:

कांगड़ा: अब 7 और 8 मार्च को होगी पुलिस भर्ती

Kangra Police Recruitment 2024: कांगड़ा जिले में वीरवार से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती पर खराब मौसम का असर पड़ा, जिससे आज होने वाली भर्ती को स्थगित करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण पुलिस मैदान में पानी भर गया, जिससे भर्ती प्रक्रिया बाधित हो गई। प्रशासन ने इसे अब आगामी 7 मार्च को कराने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि पुलिस भर्ती के लिए आज सुबह ही 2250 अभ्यर्थी धर्मशाला पहुंचे थे, लेकिन भर्ती रद्द होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहीं, 21 फरवरी को होने वाली भर्ती को अब 8 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण भर्ती स्थल की स्थिति अनुकूल नहीं थी, जिसके चलते यह फैसला लिया गया। कांगड़ा जिले में पुलिस कांस्टेबल (पुरुष और महिला) भर्ती के लिए 30,638 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें 22,431 पुरुष और 8,207 महिलाएं शामिल हैं

पुरुषों की भर्ती प्रक्रिया 20 फरवरी से 2 मार्च तक चलेगी, जबकि महिलाओं की भर्ती 3 मार्च से 6 मार्च तक आयोजित की जाएगी। भर्ती कमेटी के अध्यक्ष और पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी खंड अभिषेक दुल्लर ने बताया कि हर दिन 2250 पुरुष और 2051 महिला अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।