Follow Us:

हिमाचल को मिला नया राज्यपाल: कविंद्र गुप्ता ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

कविंद्र गुप्ता ने शिमला के लोकभवन में हिमाचल के 30वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली
हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधवालिया ने दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ
समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद


शिमला। हिमाचल प्रदेश को नया राज्यपाल मिल गया है। कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को शिमला स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधवालिया ने शपथ दिलाई।

कविंद्र गुप्ता अब हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल बन गए हैं। उन्होंने निवर्तमान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का स्थान लिया है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रदेश के कई प्रमुख नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल समेत मंत्रिमंडल के कई सदस्य, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता सोमवार को ही शिमला पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं। शिमला पहुंचने पर लोकभवन में मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

शपथ ग्रहण से पहले पत्रकारों से बातचीत में कविंद्र गुप्ता ने कहा कि वे हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके लिए एक बड़ी चुनौती और सेवा का अवसर है, जिसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।