Follow Us:

किन्नौर: सेना का सर्च ऑपरेशन रहा कामयाब, हिमस्खलन की चपेट में आए 5 जवानों का किया गया रेस्क्यू

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बुधवार को हुए हिमस्खलन के बाद फंसे सेना के 5 जवानों का शुक्रवार रात को रेस्क्यू किया गया है। हालांकि ये जानकारी सूत्रों के हवाले से प्राप्त हुई है। फिलहाल इसकी अभी तक आर्मी या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यहां कुल 11 जवान बर्फ की चपेट में आए थे। उनकी तलाश के लिए सेना, भारत-तिब्ब्त सीमा बल (ITBP) और पुलिस की टीम ने ऑपरेशन चलाया था। एक जवान शहीद हो गया था, जबकि 5 जवान उसी दिन बचा लिए गए थे। जानकारी के अनुसार जवान नमज्ञा पहाड़ी क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन ठीक करने गए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, सेना के 16 जवान तिब्बत सीमा के पास नमज्ञा पहाड़ी क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन ठीक करने गए थे। इसी दौरान शिपकिला के पास हिमस्खलन हुआ। जवानों की तलाश में 150 जवानों को लगाया गया था। रिपोर्ट्स में पहले आशंका जताई गई कि पांचों जवान शहीद हो गए, लेकिन आखिर में इन्हें बचा लिया गया।

किन्नौर के डिप्टी कमिश्नर गोपाल चंद ने बताया कि हिमस्खलन में फंसकर शहीद हुए जवान की पहचान राकेश कुमार (41) के तौर पर हुई। वह हिमाचल में बिलासपुर जिले के घुमरपुर गांव के रहने वाले थे। हिमस्खलन की चपेट में आए सभी जवान जम्मू-कश्मीर राइफल्स के हैं।