Follow Us:

जलता पेड़ चलती कार पर गिरा, महिला की मौत, दो घायल

➤ किन्नौर के उरनी क्षेत्र में जंगल की आग के बीच जलता पेड़ चलती ऑल्टो कार पर गिरा

➤ चगांव में हादसे के दौरान 57 वर्षीय संजौकी देवी की मौत, दो लोग घायल

➤ पुलिस कर रही जांच, लोगों ने सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम और आग पर जल्द काबू पाने की मांग की


हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में जंगलों में लगी आग अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। उरनी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगलों में आग लगी हुई है। इसी दौरान बुधवार शाम चगांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल की आग से जल रहा पेड़ सड़क से गुजर रही ऑल्टो कार पर आ गिरा। कार में सवार 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम चगांव में सत्संग भवन के पास ऑल्टो कार संख्या एचपी 26ए 2943 सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान जंगल में लगी आग की चपेट में आया जलता हुआ पेड़ अचानक कार पर गिर गया। पेड़ गिरने से कार सवार तीनों लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर मदद जुटाई गई और घायलों को उपचार के लिए जेएसडब्ल्यू अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया।

हादसे में अभिषेक कुमार (36), पुत्र स्वर्गीय बलवंत सिंह और वीरेंद्र सिंह (43), पुत्र उत्तम राम, दोनों निवासी चगांव, घायल हुए हैं। इनके साथ कार में सवार संजौकी देवी उर्फ संजू कुमारी (57), पुत्री स्वर्गीय कीकर सिंह, निवासी चगांव भी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने संजौकी देवी को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक कुमार और वीरेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

उरनी क्षेत्र के जंगलों में पिछले दो दिनों से लगी आग से वन संपदा को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग की चपेट में आने से पेड़ कमजोर होकर सड़क की ओर गिर रहे हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच सहित आसपास की संपर्क सड़कों पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगलों में आग के कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। लोगों ने प्रभावित मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जंगलों में लगी आग पर जल्द काबू पाने की मांग की है।

जंगल की आग वाले इलाकों में सफर के दौरान सावधानियां: जिस सड़क के किनारे जंगल में आग लगी हो या धुआं उठ रहा हो, वहां से गुजरते समय वाहन की रफ्तार धीमी रखें और जरूरी न हो तो ऐसे मार्ग पर सफर टालें। जलते या कमजोर हो चुके पेड़ों के नीचे या उनके बहुत नजदीक वाहन न रोकें, क्योंकि आग से जड़ें और तने कमजोर होकर अचानक गिर सकते हैं। धुएं के कारण दृश्यता कम हो तो हेडलाइट और हजार्ड लाइट जलाएं और खिड़कियां बंद रखें। सड़क पर गिरे जलते पेड़ या मलबे को खुद हटाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत 112 या 101 पर सूचना दें। सांस के रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को धुएं वाले क्षेत्र से दूर रखना चाहिए। स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और पुलिस की ओर से जारी चेतावनियों व मार्ग परिवर्तन की सूचनाओं का पालन जरूर करें।