Follow Us:

अयोध्या में रामलला के दर्शन कर भावुक हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां


विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए
हिमाचल की सुख-समृद्धि के लिए राम मंदिर में टेका मत्था
26 जनवरी को नाहन में जिला स्तरीय ध्वजारोहण करेंगे



हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में दर्शन कर आस्था प्रकट की। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने रामलला से हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दर्शन उपरांत उन्होंने मंदिर की वास्तुकला की प्रशंसा करते हुए इसे पौराणिक परंपरा का अनुपम उदाहरण और सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान बताया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राम मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और धार्मिक समरसता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा है और देश की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान करता है।

अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानियां ने व्यक्तिगत स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की है। उत्तर प्रदेश में आए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज राज्य तकनीक, इन्फ्रास्ट्रक्चर और विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राम मंदिर निर्माण के सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। मंदिर के कारण क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और पर्यटन को नया आयाम मिला है, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका सुदृढ़ हुई है।

अयोध्या दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की। अपने निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार वह आज रात्रि लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे और 23 जनवरी की सुबह शिमला पहुंचेंगे। इसके अलावा, वह 26 जनवरी 2026 को जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और जिला स्तरीय ध्वजारोहण करेंगे।