Follow Us:

कुल्लू: 24 घंटे में 127 किलो चरस और 295 किलो गांजा बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश की कुल्लू पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है। पुलिस ने इसी के तहत सूबे की सबसे बड़ी चरस की खेप पकड़ी है। वहीं, 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बंजार के श्रीकोट पंचायत के सजाहु गांव में 122 किलो चरस और 295 किलो गांजा के साथ 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ पुलिस ने उक्त गांव को सील भी कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात पुलिस की टीम ने जंगल मे दबिश दी। जहां पर चरस के सप्लायर व डिलीवरी लेने वाले 2 लोगों को धर दबोचा गया और नशा माफिया के कब्जे से 111 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-20 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसी गांव के 2 लोगों के ठिकानों में रेड की गई तो एक आरोपी के कब्जे से भी 11 किलो 588 ग्राम चरस बरामद की गई है। आरोपी के कब्जे से 2 गेर लाइसेंसी बन्दूक भी बरामद की गई हैं। दूसरे आरोपी के कब्जे से भी 295 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि सयुंक्त टीम में 27 लोग शामिल थे और पैदल भी टीम को सफर तय करना पड़ा है। टीम ने 111 किलो चरस संग 2 आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया। वहीं, 2 लोगों के ठिकानों पर जब रेड की गई तो उनसे भी 11 किलो 588 ग्राम चरस बरामद किया गया। अब 24 घण्टे में कुल्लू पुलिस ने 127 किलोग्राम चरस व 300 किलो गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है। एसपी ने बताया कि आनी में भी 4 किलो 505 ग्राम चरस संग 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले वर्ष बंजार पुलिस ने 42 किलो चरस के साथ 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। कुल्लू पुलिस लगातार नशा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन की फाइनेंसियल इन्वेस्टिगेशन कर अब तक तीन करोड रुपए की अवैध संपत्ति को भी जब्त किया गया है।