Follow Us:

कुल्लू में सड़क हादसा: कसोल जा रही पर्यटकों की टेंपो ट्रैवलर 20 मीटर नीचे गिरी, बच्चे समेत 12 घायल

➤कुल्लू के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के पास पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खाई में गिरी

➤ ओडिशा से कसोल घूमने जा रहे पर्यटकों के वाहन में बच्चे समेत 12 लोग हुए घायल, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा इलाज

➤ सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, गनीमत रही कि सभी घायलों की जान खतरे से बाहर है


कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। मनाली की वादियों की सैर करने के बाद कसोल की ओर जा रहे ओडिशा के पर्यटकों का सफर सोमवार दोपहर को उस समय हादसे में बदल गया, जब कुल्लू-भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के पास यह दुर्घटना घटी। दोपहर करीब ढाई बजे सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में पर्यटकों से भरा ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जा गिरा।

इस भीषण हादसे में वाहन चालक और एक छोटे बच्चे समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सपना शर्मा ने जानकारी दी कि दुर्घटना में घायल सभी पर्यटक खतरे से बाहर हैं। आपातकालीन स्थिति में डॉ. कमल दत्ता, डॉ. रीतू परण, डॉ. ऋचा, डॉ. सुरेंद्र, डॉ. अमिता, डॉ. हीरा लाल और डॉ. अशोक की मेडिकल टीम ने घायलों का फौरन उपचार किया।

घायल पर्यटक रंजन कुमार जैना ने बताया कि वे सभी ओडिशा के भुवनेश्वर से मनाली घूमने आए थे और वहां से कसोल जा रहे थे, तभी सरसाड़ी के समीप यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में घायल होने वालों में शुभा समिता जैना, सुश्मिता जैना, रंजन जैना, मंजू रानी जैना, तापस कुमार जैना, रशमी जैना, सात वर्षीय दिवाशु जैना, दीप ज्योति प्रधान, त्रिलोत्मा, शर्त चंद्र दास, सरिता दास (सभी निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा) और चालक सुनील (निवासी मशीन कला, पानीपत, हरियाणा) शामिल हैं।