Follow Us:

कुल्लू: बिजली महादेव और कार्तिक स्वामी का 15 वर्षों बाद हुआ मधुर मिलन

गौरव, कुल्लू |

देवों के देव बिजली महादेव के पुत्र देवता कार्तिक स्वामी की इच्छा पर 15 वर्षों के बाद खराहल घाटी के अराध्य देव भगवान बिजली महादेव से भव्य देवमिलन हुआ। खराहल घाटी की पहाड़ी पर समुद्र तल से लगभग 7 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित बिजली महादेव के मंदिर में भव्य देव मिलन से माहौल देवमय हो गया है। 15 वर्षों के बाद हुए भव्य देव मिलन से पूरी घाटी भक्तिमय हो गई है। इससे देवता कार्तिक स्वामी इच्छा पर यह धार्मिक देवमिलन का कार्यक्रम किया गया।

शुक्रवार को बिजली महादेव में बेटा कार्तिकेय अपने पिता बिजली महादेव से मिलने पहुंचे। मनाली घाटी के आराध्यदेव एवं भगवान शिव-पार्वती के श्रेष्ठ पुत्र कर्तिकेय घाटी की परिक्रमा पर थे। अपने आराध्यदेव के साथ घाटी के सैंकडों देवलू भी परिक्रमा पर निकले। 15 साल बाद शुक्रवार को बिजली महादेव में पिता पुत्र का भव्य मिलन हुआ। भगवान कार्तिकेय के साथ 5 गांव कन्याल, सिमसा, छियाल, गधेरनी एवं मढ़ी के लोगों ने भी यात्रा में भाग लिया।

कार्तिकेय के पुजारी केशव राम शर्मा, मकरध्वज शर्मा और कारदार युवराज ने बताया कि आराध्यदेव 15 साल बाद घाटी की परिक्रमा पर निकलते हैं। इस दौरान सभी देव स्थलों में कर्तिकेय अपने देवलूओं संग दस्तक देकर लोगों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। बिजली महादेव के पुजारी मदन ने बताया कि देवता कार्तिक स्वामी ने इच्छा जाहिर की थी कि पिता बिजली महादेव से मिलन करना है। जिस पर कारदार व हारियानों से समय निकाला और कार्तिक पूर्णिमा के दिन आज भव्य देवमिलन हुआ।