➤ मणिकर्ण घाटी में भारी लैंडस्लाइड, मलबे में दब गई टैक्सी
➤ चालक ने कूदकर बचाई जान, कार पूरी तरह तबाह होकर जली
➤ बार-बार भूस्खलन से सड़क पर खतरा, स्थायी समाधान नहीं
कुल्लू जिला की पार्वती घाटी एक बार फिर भूस्खलन की भयावह घटना से दहल गई है। शनिवार सुबह मणिकर्ण-बरशैणी सड़क मार्ग पर स्थित घटीगढ़ क्षेत्र में अचानक भारी लैंडस्लाइड हुआ, जिसने कुछ ही पलों में सड़क को मलबे और विशाल चट्टानों से ढक दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक ऑल्टो टैक्सी इस भूस्खलन की चपेट में आ गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। यह राहत की बात रही कि इस खौफनाक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दृश्य ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए।
भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से गिरे भारी मलबे और पत्थरों ने कार को बुरी तरह कुचल दिया। गाड़ी के अंदर तक मलबा घुस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कुछ देर बाद इस क्षतिग्रस्त कार में आग भी लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके की भयावह स्थिति को बयां कर रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटीगढ़ क्षेत्र में पिछले काफी समय से लगातार लैंडस्लाइड हो रहे हैं। पहाड़ियों से बार-बार बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर गिर रही हैं, जिससे यहां सफर करना बेहद खतरनाक हो गया है। इससे पहले भी कई पर्यटक इस मार्ग पर हादसों का शिकार होकर घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
चिंता की बात यह है कि अभी मानसून का मौसम शुरू भी नहीं हुआ है और इससे पहले ही हिमाचल में इस तरह की घटनाएं सामने आने लगी हैं। पिछले साल की बारिश से प्रदेश अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाया है और कई सड़कें अब भी खराब हालत में हैं। ऐसे में आने वाले मानसून को लेकर लोगों के मन में डर और आशंका बढ़ती जा रही है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।



