Follow Us:

कुल्लू: पुरुष नसबंदी के लिए 4 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

समाचार फर्स्ट |

पुरुष नसंबदी को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान वीरवार को आरंभ हो गया। यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। एडीएम अक्षय सूद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके अभियान की रूपरेखा पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के लिए पुरुष नसबंदी एक बहुत ही सरल माध्यम है। इसमें कोई चीरा या टांका तक नहीं लगाया जाता है। पुरुषों को इसके लिए स्वयं आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में लगातार बढ़ती जनसंख्या अपने आप में एक बहुत बड़ी समस्या है। इसे रोकने तथा आने वाली पीढ़ी की बेहतर परवरिश के लिए परिवार नियोजन अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण में हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन काफी सराहनीय है, लेकिन अभी भी अधिकांश पुरुष नसबंदी के लिए नहीं आ रहे हैं। एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरुकता अभियान चलाएं और पुरुषों को नसबंदी के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने जिला के सभी युवा दंपत्तियों से भी परिवार नियोजन को अपनाने की अपील की। अक्षय सूद ने कहा कि कुल्लू जिला में अभी टीबी मुक्त अभियान और नशीले पदार्थों एवं मादक द्रव्यों के खिलाफ भी एक व्यापक मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे इन सभी अभियानों में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने अभियान का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिला में पुरुष नसबंदी अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा। पहले चरण में स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों, आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी कर्मचारियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से व्यापक जागरुकता अभियान चलाया जाएगा तथा पुरुषों को नसबंदी के लिए प्रेरित करके उनका पंजीकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में जिला के सभी खंडों में पुरुष नसबंदी शिविर लगाए जाएंगे। इस अवसर पर परिवार नियोजन की जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. वांगमो और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।