- कुल्लू की लगघाटी में टाटा सूमो 350 फीट गहरी खाई में गिरी
- हादसे में 3 महिलाओं की मौत, 9 लोग घायल
- वोट डालकर मेला देखने जा रहे थे सभी यात्री
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लगघाटी क्षेत्र में एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 350 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 9 लोग घायल हो गए। घायलों में कई महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। सभी का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी में चालक के अलावा 9 महिलाएं और एक बच्चा सवार था। सभी पंचायत चुनाव में मतदान करने के बाद शिरड़ मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बढ़ई (कुटलू ग्रां) के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने घायलों को पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें वाहनों के जरिए अस्पताल भेजा गया।
यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।
गाड़ी चालक के अनुसार, हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। चालक ने बताया कि गाड़ी पहले सड़क किनारे चट्टान से टकराई और फिर पैरापीट तोड़ते हुए खाई में गिर गई।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिए गए हैं।



