Follow Us:

कुल्लू हादसा: 22 दिल्‍ली के पर्यटक थे सवार, 4 की मौत, 18 घायल, रातभर चला रेस्क्यू अभियान

कुल्लू के सोझा के पास पर्यटकों से भरी ट्रैवलर गहरी खाई में गिरी

4 लोगों की मौत, 18 को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
फिसलन भरी सड़क और खराब मौसम को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है



कुल्लू जिले के औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सोझा के पास शनिवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 20 वयस्क और 2 बच्चे शामिल थे। ताजा आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रशासन के अनुसार ट्रैवलर जलोड़ी जोत से घूमकर लौट रही थी, तभी बारिश और ऊंचाई वाले इलाके में सड़क पर फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वाहन कई फीट नीचे खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया और बाद में पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग तथा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

https://images.indianexpress.com/2022/09/copy-1.jpg

रातभर चला रेस्क्यू:
घटना के बाद पूरी रात बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को स्ट्रेचर के सहारे खाई से बाहर निकाला गया और सीएच बंजार अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने बताया कि कोई भी व्यक्ति लापता न रहे, इसके लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।

प्रशासन का बयान:
उपायुक्त कुल्लू ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस, राजस्व विभाग, दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहनीय सहयोग दिया। हादसे के सही कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

घायल यात्रियों के नाम (प्राप्त जानकारी के अनुसार):
अनुपमा, क्रियान, करण, फिजा, आयुषी, लियाकत, अनुराग, अर्नव, मोहित, शशि, अमित, निकिता, दीनू, अलसी, दीपाली सहित अन्य यात्री घायल हुए हैं।