Follow Us:

कुल्लू में महिला की मौत पर उबाल, एसपी और डीसी कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी, निष्पक्ष जांच की मांग तेज

क्षेत्रीय अस्पताल में महिला की मौत के विरोध में प्रदर्शन ने पकड़ा जोर

एसपी और डीसी कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

लगातार बारिश के बीच भी जुटी भीड़, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी


कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में महिला की मौत को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब बड़ा जनआंदोलन बनता दिखाई दे रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग रथ मैदान ढालपुर में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालते हुए पहले पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंच गए, जहां विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहा।

समाजसेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। लगातार बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने महिला की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय और डीसी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।

महिला की मौत को लेकर शुरू हुआ यह विरोध अब जिले में व्यापक जनसमर्थन हासिल करता नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर उतरने से प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। फिलहाल प्रदर्शन जारी है और आंदोलन की आगामी रणनीति को लेकर प्रदर्शनकारी आगे निर्णय ले सकते हैं।