➤ कांगड़ा में महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती पर भव्य राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन
➤ हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में होंगे शामिल
➤ 17 जून को होने वाले आयोजन में पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली और सांसद अनुराग शर्मा विशिष्ट अतिथि
कांगड़ा। राजपूत कल्याण सभा एवं राजपूत कल्याण ट्रस्ट हिमाचल प्रदेश (मुख्यालय कांगड़ा) के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य और विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामयी कार्यक्रम जिला कांगड़ा के अंतर्गत नगरोटा बगवां तहसील के तहत आने वाले गांव धर्मगिरी (पठियार) में स्थित महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय सम्मेलन को लेकर समाज और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस भव्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और आयोजकों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, इस विशिष्ट सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के माननीय विधायक आरएस बाली तथा माननीय राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपूत कल्याण ट्रस्ट (हि.प्र.) के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ठाकुर द्वारा की जाएगी। यह समारोह बुधवार, 17 जून 2026 को सुबह 11:00 बजे मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ विधिवत शुरू होगा। इसके बाद प्रातः 11:15 बजे से दोपहर बाद 3:00 बजे तक सम्मेलन का मुख्य सत्र चलेगा, जिसमें वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र सेवा पर विचार साझा किए जाएंगे। राजपूत कल्याण सभा के प्रधान केएस चम्बयाल और उपाध्यक्ष एवं चीफ पैटर्न टेक चन्द राणा ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों से सपरिवार इस आयोजन में पधारने का आग्रह किया है। सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले सभी गणमान्य और श्रद्धालुओं के लिए भोजन का विशेष प्रबंध (धाम) किया गया है।



