Follow Us:

मनाली से जयपुर जा रही वोल्‍वो बस हादसे का शिकार, 2 की मौत, 17 पर्यटक घायल

महेंद्रगढ़ में टूरिस्टों से भरी वॉल्वो बस ट्रक से टकराई, ड्राइवर और परिचालक की मौत
हादसे में 17 पर्यटक घायल, कई की हालत गंभीर बताई जा रही है
प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, बस मनाली से जयपुर जा रही थी


हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। मनाली से जयपुर जा रही पर्यटकों से भरी एक वॉल्वो बस ने नेशनल हाईवे-152डी पर बुचावास कट के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक में लदी लोहे की इंगल बस के भीतर तक घुस गई।

एक्सीडेंट में बस का अगला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे में बस चालक सोमवीर (30) और परिचालक दिलखुश (31) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों जयपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बस में करीब 40 पर्यटक सवार थे, जिनमें से 17 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। वॉल्वो बस हिमाचल प्रदेश के मनाली से राजस्थान के जयपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस बुचावास कट के पास पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

सिविल अस्पताल में घायल युवती का इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि ट्रक में लोहे की इंगल लदी हुई थी। टक्कर के बाद ये इंगल बस के ड्राइवर साइड हिस्से में कई फीट तक घुस गई। इसी कारण चालक और परिचालक को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। बस के अंदर बैठे कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने बस की खिड़कियों के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला। कई घायल यात्री दर्द से कराहते रहे, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में घायलों को ले जाती मेडिकल टीम।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को यात्रा के दौरान झपकी आ गई होगी, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

घायलों को महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को क्रिटिकल केयर यूनिट में रखा गया है। सुबह तक घायलों की संख्या 11 बताई जा रही थी, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 17 हो गई। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

सभी घायलों का इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है।

घायलों में जयपुर निवासी नलिन जैन, प्रतीक, सुरेंद्र, सुभाष चंद्र, आशीष, यशस्वी, वसीम अख्तर, अभिमन्यु, आशुतोष, अविनाश, गौरव, प्रियंका और प्राची शामिल हैं। इनके अलावा चंडीगढ़ निवासी सोहन, राजस्थान के दौसा निवासी रोहित तथा पावटा निवासी खुशी भी घायल हुए हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवरों की थकान और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।