Follow Us:

हिमाचल के पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का 87 वर्ष की आयु में निधन

➤ हिमाचल के पूर्व मंत्री और शाहपुर से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन

➤ पैतृक गांव त्यारा में तबीयत बिगड़ने के बाद गगल ले जाते समय रास्ते में आया हार्ट अटैक

➤ वर्ष 1982 में पहली बार बने थे निर्दलीय विधायक, चार दशक तक सक्रिय रहे राजनीति में


कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और शाहपुर से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार सुबह 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के उनके पैतृक गांव त्यारा में सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।

मेजर विजय सिंह मनकोटिया हिमाचल की राजनीति का एक बड़ा नाम रहे हैं। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व किया और पहली बार वर्ष 1982 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधायक चुने गए थे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कांग्रेस, जनता दल और बाद में भारतीय जनता पार्टी के साथ भी काम किया। वह प्रदेश सरकार में दो बार कैबिनेट मंत्री रहे तथा पर्यटन मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। करीब चार दशकों तक सक्रिय राजनीति में रहने वाले मनकोटिया अपनी बेबाक शैली और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर पहचाने जाते थे।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भी काफी चर्चित रही। वर्ष 2007 में वीरभद्र सिंह के खिलाफ कथित ऑडियो सीडी सार्वजनिक करने के बाद प्रदेश की राजनीति में बड़ा विवाद और हलचल देखने को मिली थी। मेजर मनकोटिया के निधन से हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।