Follow Us:

मंडी: सुंदरनगर बीडीसी पर भाजपा ने लहराया परचम, राजकुमार अध्यक्ष और विरेंद्र बने उपाध्यक्ष

बीरबल शर्मा |

मंडी जिला के सबसे बड़े विकास खंड सुंदरनगर की बीडीसी समिति पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहरा दिया है। विकास खंड सुंदरनगर कार्यालय के सभागार में संपन्न हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर वोटिंग उपरांत भाजपा समर्थित सदस्यों के सिर ताज सज गया है। इसके तहत पंचायत समिति सुंदरनगर के अध्यक्ष पद पर बटवाड़ा वार्ड से राजकुमार जबकि उपाध्यक्ष पद पर भी नाचन विधानसभा क्षेत्र के महादेव वार्ड से जीते विरेंद्र सिंह की ताजपोशी हुई है। दोनों को चुनावी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप इन पदों पर विजेता घोषित किया गया। 

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी के लिए इससे पूर्व 29 जनवरी को पंचायत समिति के सभागार में सभी 30 सदस्यों को बुलाया गया था। लेकिन इस दौरान सभी बीडीसी सदस्य चुनावी प्रक्रिया से नदारद रहे थे। कोरम पूरा न होने के कारण सोमवार का दिन निर्धारित किया गया था। इस प्रक्रिया के दौरान सुंदरनगर विकासखंड की 30 पंचायत समितियों के सभी विजेता सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कोई सहमति न होने के कारण चुनावी प्रक्रिया के तहत ही अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुने गए। 

अध्यक्ष पद के लिए डैहर वार्ड से कांग्रेस समर्थित राजकुमार और भाजपा समर्थित ध्वाल वटवाड़ा पंचायत समिति सदस्य राजकुमार ने दावेदारी जताई। इस दौरान बैलेट पेपर पर नाम एक जैसे होने के कारण उनके फोटो भी लगाए गए। इस दौरान भाजपा समर्थित ध्वाल बटवाड़ा से राजकुमार को 17 जबकि कांग्रेस समर्थित डैहर से राजकुमार को 13 मत पड़े जिसके परिणामस्वरूप भाजपा समर्थित राजकुमार को पंचायत समिति अध्यक्ष पद के लिए विजेता घोषित किया गया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित  नाचन के महादेव वार्ड सदस्य विरेंद्र सिंह तथा सलापड़ वार्ड से कांग्रेस समर्थित सदस्य विनीत कुमार ने दावेदारी जताई। इसके लिए एसडीएम राहुल चौहान की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई गई जिसमें विरेंद्र सिंह के पक्ष में 17 जबकि विनीत कुमार के पक्ष में 13 मत पड़े। ऐसे में विरेंद्र कुमार को पंचायत समिति सुंदरनगर का उपाध्यक्ष घोषित किया गया।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी के उपरांत दोनों को पद की शपथ दिलाई गई। सभागार से बाहर निकलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वही पुष्टि करते हुए एसडीम सुंदरनगर राहुल चौहान ने कहा कि बीडीसी समिति के लिए अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए राजकुमार और उपाध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र ठाकुर को विजई घोषित कर शपथ ग्रहण करवा दी गई है।