Follow Us:

वन रक्षक तोयद कांत सैनी को मिलेगा राज्य स्तरीय फॉरेस्ट अवार्ड, मुख्यमंत्री करेगे सम्मानित

बीरबल शर्मा |

डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिस नाचन गोहर मैं कार्यरत फॉरेस्ट गार्ड तोयद कांत सैनी का 2019-20 के स्टेट लेवल फॉरेस्ट अवार्ड के लिए चयन हुआ है। तोयद कांत सैनी को यह राज्य स्तरीय फॉरेस्ट अवार्ड राज्य की वन संपदा की रक्षा और संरक्षण में उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है। वन विभाग द्वारा विभाग के 19 अन्य वनरक्षकों और अधिकारियों सहित तीन संगठनों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।  

यह पुरस्कार हर साल वनों को बढ़ावा देने और उन्हें बचाने में कड़ी मेहनत और लगन से सक्रिय रुप से काम करने वाले वन कर्मचारियों को दिया जाता है। यह पुरस्कार इन्हें मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा 20 जुलाई को कुल्लू जिले के निरमंड में आयोजित किए जा रहे 72वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव समारोह में दिया जाएगा।

विभागीय सूत्रों ने कहा कि तोयद कांत सैनी को वन तस्करों को पकड़ने और वन संपदा को बचाने और नाचन वन मंडल में पौधों को बढ़ाने उनकी रक्षा करने के उनके साहसी कामों के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया है। बल्ह क्षेत्र के खांदला गांव के रहने वाले तोयद कांत सैनी एक समर्पित शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय नानक चंद सैनी के पुत्र हैं। शिक्षा के विकास और समाज सेवा के क्षेत्र मे दिए गये जिनके योगदान को आज भी याद किया जाता है।

आपको बता दें कि तोयद कांत सैनी के बड़े भाई संजय सैनी भी पत्रकारिता के क्षेत्र मे देश के उपराष्ट्रपति के हाथों से राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजे जा चुके है। तोयद  कांत सैनी का स्टेट लेवल फॉरेस्ट अवॉर्ड के लिए चयन होने पर कुम्मी और खांदला गांव के लोगों, उनके दोस्तों और रिश्तेदारों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।