Follow Us:

मंडी के नगवाईं में हरियाणा के दो गुटों में खूनी संघर्ष, एक गंभीर, सात गिरफ्तार

➤ मंडी जिले के नगवाईं में हरियाणा से संबंधित दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष

➤ मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर

➤ औट पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए और करीब सात संदिग्धों को हिरासत में लिया


 हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत आते नगवाईं में बाहरी राज्य हरियाणा से संबंधित दो गुटों के बीच हिंसक मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत हथियार चलने तक आ पहुंची। इस खूनी झड़प में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में बुरी तरह जख्मी हुए व्यक्ति को तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया। वहीं दूसरे घायल व्यक्ति का भी अस्पताल में उपचार कराया गया।

वारदात की सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने भी मौके का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल की गहनता से छानबीन करते हुए झगड़े में इस्तेमाल किए गए हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में इस खूनी टकराव के पीछे की मुख्य वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। किसी पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक टकराव में बदल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त करीब सात लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।