Follow Us:

मंडी: भारी बारिश के चलते संधोल वया स्योह सड़क बंद, कून-दयोल में पत्थर गिरने से महिला घायल

संजय गुलेरिया |

भारी बारिश के चलते धर्मपुर संधोल वया स्योह सड़क एक बार फिर बंद हो गई है। जिसके चलते लगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल बारिश के चलते पहाड़ी से ल्हासा गिरने के कारण परोन गांव के पास और बैरी गांव के पास सड़क बंद हो गई है। इन दोनों जगहों पर अभी भी पत्थर गिर रहे हैं। लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे हैं। सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों को भी स्कूल जाने के लिए परेशानी हुई साथ ही सड़क बंद होने से दर्जनों रूप प्रभावित हुए हैं। रूक-रूक कर हो रही बारिश से सड़क से मलबा हटाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

वहीं दूसरी और संधोल ले कून-दयोल सड़क क्रेसर (घनाला) के समीप ल्हासा गिरने से फिर से सड़क बंद हो गई। जिससे सुबह बसें क्रेशर के समीप फंस गई और यात्री पैदल चलने को मजबूर हो गए हैं। वहीं, सड़क पार करते समय पत्थर गिरने से एक महिला के घायल होने की भी सूचना मिली है। घायल महिला की पहचान लता देवी पत्नी विजय कुमार निवासी खजूरटी के रूप में हुई है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बता दें कि यह वही स्पॉट है जहां कुछ दिन पहले एक अन्य मुसाफिर पत्थर गिरने से घायल हो गया था। दयोल, कून व टौरखोला गांव के लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस ब्लैक स्पॉट को ठीक करने से साथ साथ संधोल को जोड़ने वाली गवैला सड़क को भी ठीक करवाया जाए जो इस स्पॉट का सही विकल्प है। जिससे लोग जान हथेली पर लेकर सड़क पार करने को मजबूर नहीं होंगे।

गौरतलब है कि गवैला सड़क जो दयोल के नज़दीक पुल के पास जुड़ती है इस सड़क पर आज तक कोई भी गाड़ी नहीं चल पाई है। जबकि इसका निर्माण 10 साल पहले हुआ है। और यह प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग ना जाने कब नीदं से जागेगा जबकि एक महिने में दो हादसे हो गए हैं जिससे एक स्थानीय दुकानदार का बाजू टूट गया था वहीं, आज एक महिला घायल हो गई है। वहीं, इस बारे में अधिशाषी अभियंता जयपाल नाइक का कहना है कि स्योह संधोल सड़क पर गिरा ल्हासा हटा दिया गया है। उन्होंने घायल महिला के प्रति संबेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्रेशर के नजदीक ब्लैक स्पॉट के विकल्प पर विचार कर रहे हैं जिसका जल्दी हल निकाल लिया जाएगा।