➤ मंडी के सरकाघाट में कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े हत्या
➤ दो बाइक सवार हमलावरों ने तेजधार हथियार से गला रेतकर की वारदात
➤ पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरू किया, आरोपियों की तलाश में टीमें तैनात
मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया पुत्री जोगिन्द्र सिंह, निवासी गांव नैन, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट, की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जैसे ही वह नैण गांव के पास पहुंची, दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने उसे रास्ते में रोका और तेजधार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह वारदात खुलेआम होने से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के रास्तों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक सवार हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कई टीमों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। युवती की हत्या क्यों की गई, इस बात का पता आरोपी से चलेगा। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी युवक फतेहपुर पंचायत के थाना गांव में ग्रामीणों ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एसपी विनोद कुमार, एएसपी अभिमन्यु वर्मा, डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम मौके पर हैं। बताया जा रहा है आरोपित वारदात के बाद गेहूं के खेतों में जाकर छिप गया था, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घेरा डालकर युवक को पकड़ लिया, इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश, पीछा करने की आशंका या अन्य व्यक्तिगत कारणों सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी है।
यह घटना छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों में भारी रोष है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



