Mandi Shivratri Festival 2025: हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज 27 फरवरी से होने जा रहा है, जो 5 मार्च तक चलेगा। इस पावन पर्व के लिए मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरुनाग अपने कारदारों के साथ मंडी पहुंच चुके हैं। देव कमरुनाग, जो पूरे वर्ष में केवल एक बार मंडी आते हैं, अब टारना माता मंदिर में सात दिन तक विराजमान रहेंगे।
महोत्सव की शुरुआत से पहले बुधवार को लघु जलेब (छोटा शोभायात्रा जुलूस) निकाला जाएगा, जिसमें बाबा भूतनाथ को निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद वीरवार को भव्य रूप से शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ होगा।
216 देवी-देवताओं को न्योता भेजा गया, जिनमें से 200 से अधिक देवता इस बार मेले की शोभा बढ़ाएंगे। पूरे शहर में भव्य स्वागत तैयारियां की गई हैं, जिसमें पुलघराट, विक्टोरिया पुल और गुरुद्वारा के पास विशेष आयोजन होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शिवरात्रि महोत्सव के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मंडी पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि 800 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। पूरे मेले की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
इसके अलावा, नशा तस्करों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने के लिए एक विशेष सैल (स्पेशल यूनिट) तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।
ब्यास आरती और अन्य आयोजन
इस बार शिवरात्रि महोत्सव में पंचवक्त्र मंदिर के सामने विशेष ब्यास आरती का आयोजन होगा, जिसके लिए काशी से विशेष रूप से पांच पुजारियों को आमंत्रित किया गया है। आरती के साथ-साथ शाही जलेब, जिसमें सभी देवी-देवता पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ नृत्य करेंगे, प्रमुख आकर्षण रहेगा।
श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंडी पहुंच रहे हैं, जिससे शहर में रौनक बढ़ गई है। धार्मिक उत्साह और भव्य तैयारियों के साथ मंडी पूरी तरह शिवमय हो गया है।