Follow Us:

पत्‍नी का गला घोंटकर मौत के घाट उतारा, पति फरार, चार साल की बेटी कमरे में मिली सोई हुई

➤ पति ने पत्नी का गला घोंटकर कमरे की कुंडी लगाई और फरार हो गया
➤ पिता ने सुबह देखा बेटी अचेत पड़ी थी, चार साल की बच्ची साथ में थी
➤ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की

मानपुरा थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्रवासी महिला की हत्या उसके ही पति ने गला घोंटकर कर दी। मृतका की पहचान संगीता पत्नी चुन्नू कुमार सहानी, निवासी चिटखाल गांव, जिला सिवान (बिहार) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, संगीता और चुन्नू कुमार के बीच रात में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। संगीता का पिता राज राम भी पास ही एक कमरे में रहता था। वह रात करीब 11 बजे बेटी और दामाद के पास पहुंचा और उन्हें समझाया। दोनों के शांत होने के बाद वह अपने कमरे में लौट गया।

इसी बीच, पति चुन्नू ने पत्नी का गला घोंट दिया और बाहर से कमरे की कुंडी लगाकर फरार हो गया। कमरे में उनकी चार साल की बेटी भी सो रही थी। सुबह जब राज राम कमरे में गया तो उसने दरवाजा बाहर से बंद पाया। दरवाजा खोलने पर संगीता अचेत अवस्था में पड़ी थी जबकि उसकी बेटी पास में सोई हुई थी।

राज राम ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार सुबह 9:30 बजे पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी विनोद धीमान, एएसपी अशोक वर्मा और डीएसपी योगराज ने मौके पर पहुंचकर जांच की स्थिति का जायजा लिया।

एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट है कि महिला की हत्या गला घोंटकर की गई हैफॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। शव को कब्जे में लेकर एम्स बिलासपुर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।