Follow Us:

नगर निगम शिमला चुनाव से पहले भाजपा को झटका, पूर्व भाजपा पार्षद कांग्रेस में शामिल

चुनावी वर्ष में पार्टी बदलने का क्रम शुरू हो चुका है नगर निगम शिमला के चुनाव से ठीक पहले जाखू वार्ड से पूर्व भाजपा पार्षद मनोज कुठियाला और उनकी पत्नी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है जिससे भाजपा को बड़ा झटका लगा है।

पी.चंद |

चुनावी वर्ष में पार्टी बदलने का क्रम शुरू हो चुका है नगर निगम शिमला के चुनाव से ठीक पहले जाखू वार्ड से पूर्व भाजपा पार्षद मनोज कुठियाला और उनकी पत्नी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है जिससे भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में पूर्व भाजपा पार्षद ने होली लॉज में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद मनोज कुठियाला ने कहा कि वे 30 साल से भाजपा से जुड़े हुए हैं लेकिन पिछले 5 वर्ष में कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है और भाजपा में अब उनका दम घुटता जा रहा था जिसके चलते वे अब कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। जो विकास कार्य शहर में होने चाहिए थे वह विकास कार्य 5 सालों से लंबित पड़े हैं।

इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा से लोग दुखी हो चुके हैं। पार्टी के कार्यकर्ता भी सरकार से परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और आज भी जाखू वार्ड से भाजपा से पूर्व पार्षद और उनकी पत्नी कांग्रेस में शामिल हुए हैं जिससे पार्टी को मजबूती मिलेंगी और नगर निगम के साथ साथ विधान सभा चुनावों में भी कांग्रेस की जीत होगी।

वहीं प्रतिभा सिंह ने कहा कि बार बार सरकार चीफ सेक्रेटरी को बदलने से सरकार अपनी नालायकी को छुपा नहीं सकती हैं। मुख्यमंत्री की अधिकारियों पर पकड़ बहुत कमजोर है जिसका प्रदेश की जनता को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं कुछ कांग्रेस विधायकों के भाजपा में जानें की सूचनाओं पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस तरह की कोई बात नहीं है पार्टी को छोड़कर जाना किसी का भी व्यक्तिगत निर्णय होता है लेकिन फिलहाल कांग्रेस पार्टी से कोई भी भाजपा में शामिल नही हो रहा है।