-
30 अप्रैल को राजकीय शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नाहन का स्थापना दिवस समारोह
-
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विशेष रूप से निमंत्रण
-
विधायक अजय सोलंकी ने स्कूल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया
Shamsher School Nahan: हिमाचल प्रदेश के सबसे पुराने स्कूलों में शामिल राजकीय शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नाहन इस वर्ष 30 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस समारोह मनाने जा रहा है। 1783 में स्थापित यह स्कूल ऐतिहासिक महत्व रखता है और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाई एस परमार सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने यहीं से शिक्षा ग्रहण की।
समारोह के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसी संदर्भ में नाहन के कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने स्कूल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
विधायक अजय सोलंकी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि स्कूल के जीर्णोद्धार कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष हॉस्टल की व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त स्कूल की प्रयोगशाला (लेबोरेटरी) के लिए भी 5 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है।
उन्होंने कहा कि यह स्कूल हिमाचल प्रदेश की शिक्षा प्रणाली की विरासत का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और सरकार इसके विकास को लेकर गंभीर है।



