Follow Us:

विधायक रामलाल ठाकुर ने किया ऐलान, जनता के सहयोग से उच्च अधिकारियों का करेंगे घेराव

सुनिल ठाकुर, बिलासपुर |

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक राम लाल ठाकुर ने ऐलान किया है कि जनता के सहयोग से बिलासपुर और स्वारघाट में विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक इशारों पर नियमानुसार विधायक द्वारा आयोजित विधानसभा क्षेत्र की बैठक में अधिकारी नहीं पहुंचते। जबकि, जिलाधीश बिलासपुर ने सभी संबंधित अधिकारियों को विधायक द्वारा आयोजित विधानसभा क्षेत्र की बैठक में जाने के निर्देश दिए हैं।

रामलाल ठाकुर ने कहा की जिलाधीश बिलासपुर ने अधिकारियों को विधायक बैठक में जाकर जन समस्याओं का निवारण करने के आदेश दिए हैं। मगर विडंबना यह है कि कोई भी अधिकारी निर्धारित बैठक स्थल  पर नहीं पहुंचते है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के इस लापरवाही पूर्ण रवैए से जनकल्याण के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की श्री नयना देवी चुनाव क्षेत्र में कोई आवश्यकता नहीं है जो जानबूझकर विकास के कार्यों को राजनीतिक इशारे पर बाधित करते हैं।