Follow Us:

धौलाधार की वादियों में रोमांच की उड़ान, नड्डी में बनेगी एशिया की सबसे लंबी 4.3 किमी जिपलाइन

➤ कांगड़ा के नड्डी में 4.3 किमी लंबी एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बनाने का फैसला
➤ 7.41 करोड़ रुपये की लागत से 36 माह में पूरी होगी परियोजना
➤ साहसिक पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा बढ़ावा


कांगड़ा: पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले के नड्डी में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है।

करीब 4.3 किलोमीटर लंबी इस जिपलाइन परियोजना पर लगभग 7.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसे एक ऐतिहासिक साहसिक पर्यटन पहल के रूप में विकसित किया जाएगा, जो प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगी।

इस परियोजना में कुल चार स्टेशन प्रस्तावित हैं — गल्लू (प्रारंभिक बिंदु), बल गांव, नड्डी और मैगी प्वाइंट खड्ड (समापन बिंदु)। जिपलाइन के जरिए पर्यटक धौलाधार पर्वत श्रृंखला के मनमोहक दृश्यों का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे।

धर्मशाला के प्रसिद्ध नड्डी व्यू प्वाइंट पर विकसित की जाने वाली यह जिपलाइन परियोजना 36 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा को ‘पर्यटन राजधानी’ का दर्जा दिया है और यहां पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।