राजस्थान के महेश केसवानी बने टॉपर, 686 अंक मिले
कट-ऑफ में गिरावट, काउंसलिंग जल्द शुरू होगी
NEETUG2025: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2025 का रिजल्ट शनिवार को जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम में इस बार 20.08 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 12.36 लाख छात्र-छात्राएं क्वालिफाई हुए हैं। राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी महेश केसवानी ने इस बार ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) प्राप्त की है। उन्हें कुल 720 में से 686 अंक मिले हैं।
महेश केसवानी ने बताया कि वो पहले आर्ट्स लेकर UPSC की तैयारी करना चाहते थे, लेकिन एक शिक्षक की प्रेरणा से उन्होंने साइंस चुना और NEET की ओर रुख किया। उनके इस फैसले ने उन्हें देश का टॉपर बना दिया।
एमपी के इंदौर के उत्कर्ष अवधिया को दूसरी रैंक, जबकि महाराष्ट्र के कृषांग जोशी को तीसरी रैंक प्राप्त हुई है। टॉप 10 में केवल एक लड़की, दिल्ली की अविका अग्रवाल, शामिल हैं, जिन्हें महिला वर्ग में पहला स्थान मिला है।
कट-ऑफ की बात करें तो, इस बार का कट-ऑफ पिछले साल की तुलना में घटा है। 2024 में अनारक्षित वर्ग के लिए कट-ऑफ 162 था, जबकि इस बार यह 144 रह गया है। इस साल का पेपर अपेक्षाकृत कठिन माना गया है, जिससे टॉपर स्कोर भी गिरा है। पिछले साल 17 छात्रों ने 720 में से 720 अंक हासिल किए थे।
75 छात्रों का रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है। ये वे छात्र हैं जो इंदौर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे थे, और 4 मई को आंधी-तूफान के कारण बिजली चली जाने से परीक्षा प्रभावित हुई थी। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इन छात्रों के लिए अलग निर्णय लेने का निर्देश दिया है। इनका रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा और NEET की फाइनल मेरिट लिस्ट तब बनेगी।
कैंडिडेट्स अपना रिजल्ट NTA की वेबसाइट exam.nta.ac.in/NEET या neet.ntaonline.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। आज सुबह ही फाइनल आंसर की भी जारी की गई, जिसमें कुछ सवालों के उत्तर बदले गए हैं।
अब MBBS और BDS कोर्सों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। भारत में MBBS की कुल 1,18,190 सीटें हैं, जिनमें पिछले साल 1,15,250 पर दाखिले हुए थे। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) द्वारा 15% ऑल इंडिया कोटा के तहत काउंसलिंग करवाई जाती है। कैंडिडेट्स को AIQ और स्टेट कोटा दोनों के विकल्पों पर ध्यान देना होगा। AIQ राउंड-1 के बाद ही राज्य स्तरीय काउंसलिंग राउंड-1 शुरू होगा।
काउंसलिंग की सभी जानकारियां NMC या राज्य सरकार की काउंसलिंग वेबसाइट्स पर नोटिफिकेशन के रूप में जारी होंगी।



