Follow Us:

कांगड़ा में जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन खुलने पर जनता में खुशी की लहर: चौधरी सुरेंद्र काकू

Water Supply Improvement Kangra:  कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन स्थापित किए जाने से क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है। पूर्व विधायक, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव और ओबीसी फाइनेंस कॉरपोरेशन के चेयरमैन चौधरी सुरेंद्र काकू को इस उपलब्धि के लिए क्षेत्रवासियों ने बधाई दी।

सोमवार को गॉब कोहाला के लोग कांगड़ा कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन खुलवाने के लिए पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू का अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस मांग को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग से साकार किया गया। उन्होंने पूर्व विधायक व मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कोहाला में रुके विकास कार्य शुरू करने की मांग

ग्रामीणों ने इस अवसर पर चौधरी सुरेंद्र काकू से आग्रह किया कि उनके कार्यकाल के दौरान कोहाला गांव में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, वे अब ठप पड़े हैं। जनता ने अनुरोध किया कि इन कार्यों को फिर से शुरू करवाया जाए ताकि गांव में सुविधाओं का विस्तार हो सके।

पूर्व विधायक को कोहाला आने का निमंत्रण

कोहाला गांव के प्रतिनिधियों ने चौधरी सुरेंद्र काकू को गांव आने का निमंत्रण दिया और कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हुए हैं। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में आगे भी क्षेत्र का विकास होगा।

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन खुलने से स्थानीय लोगों को जल आपूर्ति और अन्य जल संसाधन संबंधी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की अधूरी योजनाओं को गति मिलेगी और विकास कार्यों को नया आयाम मिलेगा।