Follow Us:

अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण 3 से घटाकर 2 साल करने की अधिसूचना जारी

पी.चंद |

हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनुबंध पर तैनात कर्मचारियों का नियमितीकरण सेवाकाल 3 साल से घटाकर 2 साल करने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही सरकार ने सभी विभागों को 30 सितंबर 2021 को दो साल का नियमित सेवाकाल पूरा कर चुके अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

इसी तरह दैनिक वेतनभोगियों का सेवाकाल 5 साल से घटाकर नियमितीकरण की अवधी चार साल कर दी गई है। 30 सितंबर 2021 को चार साल पूरे करने वाले इन कर्मियों को नियमित करने को कहा गया है।

सरकार ने अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाने की पॉलिसी भी अधिसूचित कर दी है। सभी विभागों में अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाए जाने का सेवाकाल भी एक साल घटा दिया गया है। अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाए जाने का सेवाकाल आठ से सात वर्ष किया गया है। 30 सितंबर सात वर्ष की सेवा पूरी करने वाले ऐसे कर्मचारी दैनिकभोगी बनेंगे।

बता दें कि प्रदेश सरकार ने जेसीसी बैठक में अनुबंध कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगियों और अंशकालिक कर्मियों के हक में यह फैसले लिए थे।