Follow Us:

अब कांगड़ा के शक्तिपीठों से होगा आरती का सीधा प्रसारण, CM ने किया शुभारंभ

|

अब श्रद्धालुओं घर बैठे कांगड़ा जिला के सभी शक्तिपीठों से पूजा और आरती के माध्यम से दर्शन करने और शीश नवाने की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिला के तीन शक्तिपीठों ज्वालाजी, बज्रेश्वरी और चामुंडा जी से आरती के सीधा प्रसारण का शुभारंभ किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर में शीश नवाया और पूजा अर्चना की।

उन्होंने कहा कि इससे ऐसे सभी श्रद्धालुओं के लिए लाइव आरती कारगर साबित होगी, जो श्रद्धालु माता मंदिर तक पहुंचने में सक्षम नहीं हैं। इसके साथ ही कोविड-19 की स्थिति में भी श्रद्धालुओं को मंदिर से सीधे लाइव आरती का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही लाइव आरती के माध्यम से इन शक्तिपीठों के बारे में देश ही नहीं अपितु विदेशों में रहने वाले लोगों तक भी जानकारी पहुंचेगी। यह लाइव आरती एम.एच.1 से लाइव की जाएगी जोकि माता बैष्णों की आरती का भी लाइव प्रसारण करते हैं।

कांगड़ा के उपायुक्त डा. निपुण जिन्दल ने इन शक्तिपीठों से आरती दर्शन के सीधे प्रसारण के बारे जानकारी देते हुए कहा कि श्री ज्वालामुखी मन्दिर की आरती प्रतिदिन शीतकाल में सांय 8.30 से 9 बजे जबकि ग्रीष्मकाल में 9.30 बजे से 10 बजे, ब्रजेश्वरी मन्दिर की आरती शीतकाल में प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक, ग्रीष्मकाल में प्रातः 5 बजे से 6 बजे तथा शीतकाल और ग्रीष्मकाल में रात्रि 7 से 8 बजे प्रसारित की जाएगी।

इसी प्रकार श्री चामुण्डा मन्दिर से आरती दर्शन का सीधा प्रसारण शीतकाल और ग्रीष्मकाल में प्रतिदिन प्रातः 8 से 8.30 बजे और शीतकाल में सांय 6.30 बजे से 7 बजे और ग्रीष्मकाल में सांय 8 बजे से 8.30 बजे तक होगा। इन आरतियों का प्रसारण एम.एच.1 चैनल द्वारा किया जाएगा।