➤ नूरपुर में चलती बस पलटी, चालक को हार्ट अटैक आने से हुआ हादसा
➤ 28 यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
➤ स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू, बड़ा हादसा टला
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के नूरपुर में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की वजह बस चालक को आया हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह निजी बस (HP72 D 3791) सुबह चंबा से ऊना के लिए निकली थी। करीब सुबह 11 बजे नूरपुर के न्याजपुर क्षेत्र में एक तीखे मोड़ पर पहुंचते ही चालक मनजीत सिंह को अचानक सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश होकर खिड़की से नीचे गिर गया। चालक के नियंत्रण खोते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल नूरपुर पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में करीब 28 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

अस्पताल के एसएमओ डॉ. सतीश पॉल ने बताया कि बाकी घायलों का उपचार नूरपुर अस्पताल में जारी है और उन्हें एहतियातन 24 घंटे की निगरानी में रखा गया है। वहीं प्रशासन ने गंभीर घायलों को 5-5 हजार रुपये और सामान्य घायलों को 2-2 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय समाजसेवी अस्पताल पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि यह हादसा और भी भयावह हो सकता था, क्योंकि घटना स्थल के पास गहरी खाई मौजूद है। गनीमत रही कि बस खाई में गिरने की बजाय सड़क पर ही पलट गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक को डिफेंस रोड की ओर मोड़ दिया, जिससे स्थिति जल्द सामान्य हो गई।
घायलों के नाम व पता…
- मनजीत सिंह निवासी ऊना (चालक) रैफर टीएमसी।
- अमित कुमार (26) पुत्र राजेश कुमार निवासी गांव व डाकघर जौह तहसील घनारी जिला ऊना।
- ऊषा रानी (68) पत्नी हरी सिंह निवासी गांव व डाकघर बासा वजीरा तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा।
- भावना देवी (27) पत्नी नरेश सिंह निवासी गांव जनेरा डाकघर खज्जन तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा।
- ज्योति डोगरा (45) पत्नी रविंद्र डोगरा निवासी गांव व डाकघर सदवां तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा।
- निर्मला कुमारी (35) पत्नी हेमराज निवासी गांव मटेना डाकघर किरी तहसील व जिला चंबा।
- शविंद्र सिंह (47) पुत्र भगत राम निवासी गांव करडवेही डाकघर राजेरा तहसील व जिला चंबा।
- शरवीन (28) पुत्र सुच्चा लाल निवासी गांव कोटी तहसील व जिला चंबा।
- रघुवीर सिंह (45) पुत्र कारो राम निवासी गांव व डाकघर चौगान तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा।
- संजीव कुमार (34) पुत्र रूमालो राम निवासी गांव व डाकघर कमलाहडी तहसील व जिला चंबा।
- नितिन कुमार (07) पुत्र बॉवी कुमार निवासी गांव व डाकघर साहू तहसील व जिला चंबा।
- बॉवी कुमार (36) पुत्र भगत राम निवासी गांव व डाकघर साहू तहसील व जिला चंबा।
- जीवन सिंह (43) पुत्र प्रहलाद निवासी गांव व डाकघर युड तहसील व जिला चंबा।
- गुड्डो देवी (55) पत्नी मदन लाल निवासी गांव व डाकघर बाथरी तहसील व जिला चंबा।
- पिंकी देवी (32) पत्नी अजेश कुमार निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा।
- कुमारी मानवी (08) पुत्री अजेश कुमार निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा।
- सिया (02) पुत्री अजेश कुमार निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा।
- शिव कुमार (38) पुत्र कर्म सिंह निवासी गांव वैली तहसील बनीखेत जिला चंबा।
- पियुशिका (19) पुत्री सुरिंद्र कुमार निवासी गांव चरुडी डाकघर सुखार तहसील नूरपुर।
- कनिका (24) पुत्री प्रेम चंद निवासी गांव व डाकघर गोली (वाथडी) तहसील डलहौजी।
- मिलाप चंद (03) पुत्र किशन चंद निवासी देलग डाकघर कुड्डी तहसील चुवाडी जिला चंबा।
- नितिका (24) पुत्री किशन चंद निवासी गांव घरोला डाकघर बाथडी तहसील डलहौजी। टीएमसी रेफर
- नैन्सी (18) पुत्री नीरज कुमार निवासी वार्ड-03 नूरपुर तहसील नूरपुर
- संगीता देवी (43) पत्नी नीरज कुमार निवासी वार्ड-03 नूरपुर तहसील नूरपुर।
- पिहू (11) पुत्री अजेश कुमार निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा। टीएमसी रेफर
- अजेश कुमार (49) पुत्र हेम सिंह निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा।
- निर्मला देवी (31) पत्नी बॉबी निवासी साहू तहसील चंबा।
- प्रवीण कुमार (28) पुत्र चैन सिंह निवासी जौका डाकघर कदला जिला चंबा।



