-
पालमपुर में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर भाजपा कार्यशाला का आयोजन
-
विधायक विपिन सिंह परमार ने इसे देश के लिए आर्थिक और प्रशासनिक दृष्टि से लाभकारी बताया
-
कार्यकर्ताओं को 2027 के लिए बूथ स्तर पर तैयारी के निर्देश दिए गए
One Nation One Election: भाजपा कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं सुलह विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की परिकल्पना देश को मजबूती प्रदान करेगी। वे पालमपुर विधानसभा के दोनों मंडलों की संयुक्त कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान देश को राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक बचत की दिशा में ले जा रहा है।
परमार ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश की आर्थिक व्यवस्था पर दबाव पड़ता है और सरकारें विकास कार्यों में अपेक्षित गति नहीं ला पातीं। “एक साथ चुनाव” से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सरकारें पूरे कार्यकाल के दौरान नीतिगत कार्यों पर केंद्रित रह सकेंगी।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, संगठन मंत्री राज्यपाल, जिला अध्यक्ष रागिनी रकवाल तथा जिला संयोजक घनश्याम शर्मा भी उपस्थित रहे। परमार ने पालमपुर मंडल के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह से कार्य जारी रहा, तो 2027 के चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2022 और 2024 के बूथ स्तरीय वोटों की समीक्षा कर 2027 में पार्टी को और अधिक सशक्त करने की रणनीति साझा की।
त्रिलोक कपूर ने बताया कि “बूथ चलो” अभियान के तहत वे 87 बूथों पर बैठकें कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को उसकी भूमिका तय कर प्रभावी संगठनात्मक ढांचा खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पालमपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की 100% भागीदारी भाजपा की सक्रियता का प्रमाण है।
संगठन मंत्री राज्यपाल ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी और बूथ मजबूत करने की कार्य योजना को साझा किया। वहीं, जिला संयोजक घनश्याम शर्मा ने कार्यकर्ताओं को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में सेमिनारों और जन-संवाद के माध्यम से इसे व्यापक स्तर पर फैलाया जा रहा है।
इस अवसर पर शहरी मंडल अध्यक्ष गोपेश शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश पठानिया, महामंत्री रंजन भट्ट, गुरमीत सिंह, अशोक राणा, हरीश बलिया, विनय शर्मा, अरविंद शर्मा, विजय भट्ट समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।