Follow Us:

सीएम सुक्खू बोले – निश्चिंत रहे भाजपा, तय समय पर होंगे पंचायतीराज चुनाव

भाजपा के आरोपों पर बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, चुनाव टाले नहीं, सिर्फ स्थगित किए हैं
डिजास्टर एक्ट लागू, आपदा राहत कार्यों के चलते पंचायत चुनाव फिलहाल स्थगित
सीएम बोले- परिस्थितियां सामान्य होते ही समय पर होंगे पंचायतीराज चुनाव


शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकार द्वारा पंचायत चुनाव स्थगित किए जाने के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा ने सुक्खू सरकार पर चुनाव से भागने के आरोप लगाए हैं, वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की आदत है और उसका काम सिर्फ हर बात का विरोध करना रह गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने पंचायती राज चुनाव रद्द नहीं किए हैं, बल्कि डिजास्टर एक्ट के तहत केवल स्थगित किए हैं, क्योंकि प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हुआ है और डीसी स्तर पर बचाव व पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं।

सुक्खू ने कहा, “अभी प्रदेश की प्राथमिकता है आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और मुआवजा देना, न कि राजनीतिक दिखावा करना। कई पंचायतों में सड़कें और रास्ते टूटे हुए हैं, बारिश का दौर जारी है और डिजास्टर एक्ट अभी भी लागू है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे, पंचायत चुनाव निर्धारित समय के भीतर कराए जाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज चुनाव का समय 23 जनवरी तक निर्धारित है और सरकार उसी समयसीमा के भीतर चुनाव कराएगी। “सरकार की पहली जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और राहत है। जैसे ही सड़कों को बहाल करेंगे, पंचायत चुनाव कराए जाएंगे,” उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के अंदरूनी विवादों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा, “जयराम ठाकुर का दर्द साफ झलक रहा है। मंडी में जब अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारे लगे, तो उन्हें परेशानी हुई। भाजपा अब सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयानबाजी कर रही है।”

सुक्खू ने आगे कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठे आरोपों और बयानबाजी के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।