Follow Us:

ऊनाः पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बड़ूही में किया गौशाला का शुभांरभ

दीक्षा बैंस, ऊना |

ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य और पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जिला ऊना के बड़ूही में नवनिर्मित गौशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि गौशाला का निर्माण लगभग 18 लाख रुपए की राशि से किया गया है तथा यहां पर लगभग 80 बेसहारा पशुओं को रखने की सुविधा होगी। उन्होंने गौ सेवकों के ठहरने की व्यवस्था बनाने को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बडूही में खेल मैदान बनाने के साथ-साथ पंचवटी योजना के तहत एक पार्क बनाने का ऐलान किया है। जहां पर बुजुर्गों के लिए वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के लिए झूले इत्यादि का प्रबंध किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गौशाला तक सड़क को बेहतर बनाने के लिए हर संभव मदद का वादा किया। कृषि मंत्री ने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में एक फीड मिल का शुभारंभ जल्द किया जाएगा। बड़ूही के बाद टकारला में भी गौशाला बनाने की तैयारी है, जिसका भूमि पूजन जल्द होगा। इसके अलावा तीन गौशालाओं का शुभारंभ अगले महीने किया जाएगा।

पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने डेढ़ वर्ष में सड़कों को पशु मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए राज्य के 11 जिलों में गौ अभ्यारण्य स्थापित किए जा रहे हैं। थाना कलां में 320 कनाल भूमि में बनाए जा रहे गौ अभ्यारण्य के पहले चरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य चार गौ अभ्यारण्यों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि जल्द ही इन्हें क्रियाशील कर दिया जाएगा, जिससे सड़क पर बेसहारा गौवंश की समस्या समाप्त करने में मदद मिलेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि देसी गाय का वैज्ञानिक आधार है, इसीलिए गाय को माता कहा जाता है। देसी गाय प्राकृतिक खेती का भी आधार है और देसी गाय के गोबर से भूमि की उर्वरक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि एक अगस्त से गौ सदन संचालकों को प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक माह 500 रुपए प्रति गाय की राशि मिलना शुरू हो गई है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस योजना का आरंभ कर दिया है।

इस अवसर पर चिंतूपर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं पर प्रदेश सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। विस क्षेत्री की सड़कों को चकाचक करने के लिए 180 करोड़ रुपए दिए गए हैं। जल जीवन मिशन में चिंतपूर्णी को 26 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं और बाढ़ नियंत्रण विभाग को 28 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। बलबीर सिंह ने कहा कि अपने विभागों के माध्यम से वीरेंद्र कंवर ने अपने पिछले अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में गाय और गरीब की सेवा की है। बेसहारा गौवंश की सेवा के लिए शराब पर शुल्क लिया जा रहा है और मंदिरों में चढ़ावे का भी कुछ हिस्सा इस्तेमाल किया जा रहा है।