Follow Us:

पीटरहॉफ को बेचने की खबरें पूरी तरह निराधार, क्राउन होटल बेचने का सवाल ही नहीं: आरएस बाली

➤ पीटरहॉफ को बेचने की खबरें पूरी तरह निराधार, क्राउन होटल को बेचने का सवाल ही नहीं
➤ HPTDC का टर्नओवर 79 करोड़ से बढ़कर 110 करोड़ रुपये, चार वर्षों से लगातार 100 करोड़ से अधिक
➤ होटलों के जीर्णोद्धार के दौरान वेतन व खर्चों के लिए सीएम सुक्खू से आर्थिक सहायता की मांग


हिमाचल पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन ने शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ होटल को बेचे जाने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह हमारा क्राउन होटल है और इसे बेचने का कोई सवाल ही नहीं है। कहा कि  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी स्पष्ट किया है कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। पीटरहॉफ के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत का कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है।

Zee Media के साथ विशेष इंटरव्यू में आरएस बाली  ने विपक्ष पर बिना किसी तथ्य के उसी “Himachal For Sale” के नारे को दोहराने का आरोप लगाया, जिसे कांग्रेस पार्टी ने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर उठाया था। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय निजी ऑपरेटरों को होटल दिए गए और हजारों एकड़ सरकारी जमीन भी बेहद कम कीमतों पर आवंटित की गई।

HPTDC का टर्नओवर पहुंचा ऐतिहासिक स्तर पर

बताया कि निगम के मेहनती कर्मचारियों और उनकी पूरी टीम की दिन-रात की मेहनत से 79 करोड़ रुपये के टर्नओवर को उनके चेयरमैन बनने के पहले ही वर्ष में 110 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया। HPTDC ने अपने पुराने सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और पिछले चार वर्षों से लगातार 100 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर बनाए रखा है। उनके अनुसार HPTDC के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। यह उपलब्धि कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

वेतनमान संशोधन से आया 200 करोड़ का अतिरिक्त बोझ

आरएस बाली ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के अंतिम बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जो उस समय HPTDC के चेयरमैन भी थे, द्वारा वेतनमान संशोधन (Revision of Pay Scale) लागू करने का निर्णय लिया गया था। यह पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के स्तर पर लिया गया निर्णय था, जिसे वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उन्होंने HPTDC के चेयरमैन के नाते पूरा किया।

इसके चलते HPTDC पर लगभग 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आया और तत्काल करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान करना पड़ा। पहले से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे HPTDC के लिए यह एक बड़ी जिम्मेदारी थी। इसके बावजूद चेयरमैन, निगम के कर्मचारियों और पूरी टीम ने मिलकर खर्चों को नियंत्रित किया और HPTDC को लगातार बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ाया।

जीर्णोद्धार के दौरान राजस्व पर असर, सरकार से सहायता की मांग

आरएस बाली ने कहा कि आज निगम के होटलों का जीर्णोद्धार और नवीनीकरण आवश्यक है। लेकिन जब होटल मरम्मत के कारण बंद रहते हैं, तो उनसे राजस्व और मुनाफा प्रभावित होता है, जबकि कर्मचारियों के वेतन और अन्य जरूरी खर्च लगातार जारी रहते हैं।

ऐसे में उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि HPTDC को आवश्यक आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और निगम द्वारा अपनी अर्जित आय से किए गए खर्चों की राशि वापस उपलब्ध करवाई जाए, ताकि कर्मचारियों के वेतन और नियमित खर्चों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहे।