Follow Us:

पेट्रोल-डीजल 3 रुपये महंगे, सीएनजी के दाम भी बढ़े

 

पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी
सीएनजी भी 2 रुपये महंगी, आम लोगों और किसानों पर बढ़ेगा बोझ
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत सभी बड़े शहरों में नई दरें लागू



देशभर में शुक्रवार से आम लोगों पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर अब सीधे भारतीय ग्राहकों की जेब पर दिखाई देने लगा है। देश की तेल कंपनियों ने अचानक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही सीएनजी की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं, जिससे वाहन चालकों, किसानों, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और आम परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

तेल कंपनियों द्वारा की गई इस नई वृद्धि के बाद अब लोगों को अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने के लिए पहले की तुलना में काफी ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। खास बात यह है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आखिरी बार अप्रैल 2022 में वृद्धि हुई थी। ऐसे में करीब चार साल बाद आई यह बड़ी बढ़ोतरी सीधे आम आदमी के बजट पर असर डालने वाली मानी जा रही है।

देश की राजधानी नई दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत बढ़कर 97.77 रुपये हो गई है, जबकि डीजल की नई कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। राजधानी में लाखों वाहन चालकों के लिए यह फैसला बड़ा झटका माना जा रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच लोगों को अब रोजमर्रा के खर्चों में और कटौती करनी पड़ सकती है।

 

 

शहर पेट्रोल (संभावित दर) डीजल (संभावित दर)
शिमला ₹98.03 ₹89.92
चंबा ₹98.41 ₹90.43
मंडी ₹97.56 ₹89.60
कांगड़ा ₹96.85 ₹88.93
कुल्लू ₹98.37 ₹90.42
सोलन ₹97.55 ₹89.57

अन्य महानगरों में भी पेट्रोल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये महंगा होकर अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। दक्षिण भारत के बड़े शहर चेन्नई में भी पेट्रोल 2.83 रुपये महंगा होकर 103.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

डीजल के दामों में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलकाता में डीजल 3.11 रुपये बढ़कर 95.13 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में डीजल की कीमत बढ़कर 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं चेन्नई में डीजल 2.86 रुपये महंगा होकर 95.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

इसी बीच सीएनजी उपभोक्ताओं को भी बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली में अब सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में यह बढ़कर 87.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। गुरुग्राम में नई कीमत 84.12 रुपये प्रति किलो, रेवाड़ी में 83.70 रुपये प्रति किलो और करनाल में 83.43 रुपये प्रति किलो तय की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर ट्रांसपोर्ट, सब्जियों, फल, दूध और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।