➤ पीएम मोदी हिमाचल दौरे पर, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का एरियल सर्वे करेंगे
➤ धर्मशाला में सीएम सुक्खू और अधिकारियों के साथ करेंगे अहम बैठक
➤ हिमाचल को केंद्र से स्पेशल पैकेज मिलने की उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को आपदा प्रभावित घोषित हिमाचल प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। बीते दिनों राज्य में आई भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए पीएम मोदी सबसे पहले कुल्लू और मंडी जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद उनका काफिला कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से वह सीधे धर्मशाला जाएंगे।
धर्मशाला में प्रधानमंत्री मोदी की प्रदेश सरकार के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री को प्रेजेंटेशन के माध्यम से आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू प्रधानमंत्री से हिमाचल को स्पेशल पैकेज देने का आग्रह करेंगे। इसके साथ ही आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए नियमों में छूट देने की मांग रखी जाएगी। खासकर, जिन लोग लैंड-लेस हो गए हैं और जिनके पास अब मकान बनाने के लिए जमीन नहीं बची है, उनके लिए सरकार प्रधानमंत्री से एक बीघा जमीन देने का अनुरोध करने वाली है।
हिमाचल में अब तक 4122 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति बर्बाद हो चुकी है। मानसून सीजन में 370 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 69 लोग लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने जैसी आपदाओं में मारे गए। इसके अलावा 41 लोग लापता हैं।
सरकार ने अपने स्तर पर राहत पैकेज का ऐलान किया है। पूरी तरह घर टूटने पर 7 लाख, आंशिक नुकसान पर एक लाख, दुकान/ढाबे क्षतिग्रस्त होने पर एक लाख, किराएदारों और मकान मालिकों को मुआवजा, मवेशियों की मौत और खेती-बाड़ी में नुकसान पर भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार, अब तक 6344 घरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से 1204 पूरी तरह ध्वस्त और 5140 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 26,955 पालतू मवेशी आपदा की भेंट चढ़ गए। कई गांव अब भी बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क से कटे हुए हैं।
पीएम मोदी का यह दौरा प्रदेशवासियों के लिए उम्मीद की किरण है। मोदी कई बार हिमाचल को अपना दूसरा घर कह चुके हैं। ऐसे में यह दौरा न सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से, बल्कि आपदा प्रभावित लोगों के भविष्य के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।



