Follow Us:

27 को PM मोदी करेंगे धौलासिद्ध परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ: धूमल

जसबीर कुमार |

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आने वाली 27 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी रैली के दौरान धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य का ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ हमीरपुर और कांगड़ा जिला के लिए प्रसन्नता का विषय है। हालांकि धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2002 में ही शुरू हो जाना चाहिए था क्योंकि एक निजी कंपनी को उस समय उनकी सरकार में यह कार्य अलॉट कर दिया गया था। लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद इस निर्माण कार्य के अलॉटमेंट रद्द कर दी गई। फिर यह मामला आर्बिट्रेशन में चला गया और वर्षों तक यह निर्माण कार्य लटका रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 में हम फिर से प्रदेश में सत्ता में आए और हमने धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य एसजेवीएनएल को अलॉट कर दिया। उस समय केंद्र में यूपीए की सरकार थी। केंद्रीय मंत्री जब-जब इस परियोजना का शिलान्यास करने के लिए हिमाचल प्रदेश आने को तैयार होते थे, तब तब प्रदेश के कांग्रेस के कुछ नेता, जो उस समय केंद्र में प्रभावशाली पदों पर बैठे हुए थे, इस परियोजना का विरोध कर देते थे। इस वजह से इस जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य वर्षों तक लटकता रहा। अब मोदी जी आए हैं तो काम फिर शुरू हुआ है।

धूमल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले 3 सालों में धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। यह प्रोजेक्ट तैयार हो जाएगा तो जल विद्युत शक्ति पैदा होना शुरू हो जाएगी। जिससे प्रदेश में आर्थिक और राजनीतिक शक्ति और बढ़ेगी। हिमाचल प्रदेश की आमदनी भी बढ़ेगी और एक नई क्रांति प्रारंभ होगी।