➤ प्रतिभा सिंह ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा—देश के नव निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक
➤ रोहतांग टनल, पूर्ण राज्य का दर्जा और विकास में इंदिरा गांधी के फैसलों को बताया निर्णायक
➤ भाजपा पर प्रदेश विरोधी राजनीति का आरोप—कहा, कांग्रेस ने हमेशा प्रदेश हित को प्राथमिकता दी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश के नव निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और इसके विकास में इंदिरा गांधी की भूमिका को प्रदेश कभी नहीं भूल सकता।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में इंदिरा गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनकी राजनीतिक समझ और मजबूत नेतृत्व क्षमता के कारण पाकिस्तान को अपने नापाक इरादों से पीछे हटना पड़ा।
उन्होंने बताया कि लाहौल-स्पीति के लोगों की मांग पर रोहतांग टनल के निर्माण को इंदिरा गांधी ने ही मंजूरी दी थी। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की तरह इंदिरा गांधी का भी हिमाचल से विशेष लगाव था, और यही स्नेह गांधी परिवार के अन्य सदस्यों—सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी—में आज भी दिखाई देता है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के प्रयासों से हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला, जबकि छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल के निर्माण में बड़ा योगदान दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन जनसंघ, यानी आज की भाजपा ने हिमाचल को स्टेटहुड देने का विरोध किया था और “स्टेट हुड को मारो ठुड” जैसे नारे दिए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी प्रदेश हितेषी नहीं रही, जबकि कांग्रेस ने हमेशा देश और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी है।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इंदिरा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
कार्यक्रम में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह, पूर्व विधायक आदर्श सूद, तथा पीसीसी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



